Tuesday, November 25, 2025
Home क्राईम जालंधर में देर रात अज्ञात हमलावरों ने 1 परिवार पर किया हमला, महिला सहित 4 घायल, CCTV में कैद आरोपी

जालंधर में देर रात अज्ञात हमलावरों ने 1 परिवार पर किया हमला, महिला सहित 4 घायल, CCTV में कैद आरोपी

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: पंजाब के जालंधर में देर रात एक घर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने परिवार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार शहर के अलावलपुर में बीते मंगलवार रात करीब दो बजे अज्ञात हमलावरों ने एक परिवार पर तेजधार हथियारों से हमला किया। बताया जा रहा है कि इस हमले में परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हमले में एक महिला भी घायल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।

 

 

बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर घर की दीवार कूदकर घर के अंदर घुसे और परिवार को तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। हथियारों से लैस हमलावर घर के बाहर लगे सीसीटीवी में भी कैद हुए हैं। जिसमें हमलावारों के हाथों में तेजधार हथियार दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने हमले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। उधर मौके पर पहुंची पुलिस ने कहा कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लेकिन फिलहाल सुराग नहीं लग पाया है। अलावलपुर पुलिस चौकी इंचार्ज परमजीत सिंह ने बताया कि घायलों के बयान ले लिए गए हैं और जल्द हमलावरों को काबू कर लिया जाएगा।

वहीं पीड़ितों के परिजनों ने बताया कि तड़के सुबह करीब 2 बजे 6 अज्ञात हमलावर हथियारों से लैस मोहल्ला रामगढिय़ा में घुसे और परमजीत, के घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। उस समय परिवार सो रहा था। घर में अचानक आवाज सुनने से परिवार उठ गया। जब वह देखने लगे तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर हथियारों से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। जिसके बाद घर में चीख पुकार मच गई और तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए।

पारिवारिक सदस्यों के मुताबिक 10 मिनट में ही अज्ञात हमलावरों ने घर के मुखिया परमजीत, पत्नी राजेंद्र कौर, 2 बेटे गौरव कुमार और विक्की कुमार को बुरी तरह घायल कर दिया। जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से घायलों को आदमपुर सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। राजेंद्र कौर की हालत गंभीर होने के चलते उसे जालंधर रेफर किया गया।

You may also like

Leave a Comment