



दोआबा न्यूज़लाइन


चंडीगढ़: पंजाबी सिंगर और एक्टर करणदीप को ऑस्ट्रेलिया में अचानक हार्ट अटैक आ गया। इस बात की जानकारी सिंगर ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दी। जारी वीडियो में गायक करणदीप ने बताया कि 19 मई उनकी जिंदगी का सबसे कठिन दिन था। करणदीप ने कहा कि अगर उस समय उनके 4 दोस्त उनके साथ नहीं होते, तो शायद वह आज जिंदा नहीं होते। उन्होंने कहा कि जिंदगी ने उन्हें दूसरा मौका दिया है।


बताते चलें कि 32 वर्षीय सिंगर करणदीप पंजाब के रोपड़ में जन्मे हैं और अब आस्ट्रेलिया में रह रहे हैं। वह सिंगर और एक्टर होने के साथ- साथ मॉडल और फिटनेस इन्फ्लुएंसर भी हैं। वीडियो में करनदीप ने बताया कि वह नियमित रूप से जिम जाते थे, संतुलित आहार लेते थे और खुद को पूरी तरह फिट मानते थे। फिर भी उन्हें हार्ट अटैक आया और कुछ समय के लिए उनका दिल और दिमाग दोनों ने काम करना बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना ने उन्हें यह एहसास कराया कि केवल फिट दिखना या एक्सरसाइज करना ही अच्छी सेहत की गारंटी नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि सिर्फ जिम करना और अच्छी डाइट लेना ही काफी नहीं है। बल्कि हर व्यक्ति को समय-समय पर अपना मेडिकल चेकअप जरूर करवाना चाहिए। क्योंकि कब किसको कौन-सी स्वास्थ्य समस्या आ जाए, यह कोई नहीं जानता।
गायक ने आगे कहा कि इस घटना ने उन्हें सिखाया कि जिंदगी बहुत छोटी और अनिश्चित है। इंसान कितना भी फिट क्यों न हो। हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक या दूसरी गंभीर बीमारी कभी भी आ सकती है। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, भाई-बहनों और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताते रहने को भी कहा। उनके प्रति प्यार और सम्मान रखने और हर पल के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करने की अपील की है।


आगे करणदीप ने यह भी कहा कि इस दुनिया से जाते समय, पैसा, गाड़िया या संपत्ति साथ नहीं जाती। इसलिए कभी भी गलत रास्ता अपनाकर सफलता हासिल करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से ईमानदारी से जीवन जीने, जरूरतमंदो की मदद करने, विनम्र बने रहने और सभी के साथ प्यार व भलाई का व्यवहार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस हादसे ने उनकी सोच पूरी तरह बदल दी है और अब वह लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करने का काम करेंगे।



