



दोआबा न्यूज़लाइन


बस ड्राइवर ने अधिकारियों पर उठाए गंभीर सवाल


फिल्लौर: जालंधर के फिल्लौर में आज सुबह एक बड़ा हादसा होते- होते टल गया। मिली जानकारी के बुधवार सुबह फिल्लौर के गांव भटियां के सरकारी प्राइमरी स्कूल के पास एक चलती पंजाब रोडवेज की बस का अचानक टायर फट गया। हादसे में बस में सवार एक यात्री की टांग टूट गई है, जबकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत रही कि बस के ड्राइवर ने टायर फटने के बाद बस को तुरंत कंट्रोल कर लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के समय दुर्घटनाग्रस्त बस में 45 यात्री सवार थे।

वहीं घटना की सूचना पाकर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने तुरंत गंभीर घायल यात्री को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया। मामले की सूचना थाना फिल्लौर के ड्यूटी अफसर को दी गई। आगे की कार्रवाई के लिए बस को थाने भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस लुधियान से जालंधर आ रही थी।



वहीं घटना की जानकारी देते हुए बस ड्राइवर कुलदीप सिंह ने बताया कि वह काफी समय से उच्च अधिकारियों को बस के टायरों की खराब हालत के बारे में बार- बार बता चुके थे और हादसे की आशंका भी जता चुके थे। लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके चलते आज यह हादसा हो गया।



