Home जालंधर जालंधर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 209 नशीली गोलियां और 2 अवैध हथियार बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

जालंधर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 209 नशीली गोलियां और 2 अवैध हथियार बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

by Doaba News Line

जालंधर : जालंधर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 209 नशीली गोलियां तथा दो अवैध पिस्तौल सहित कुल 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विरक के दिशा-निर्देशों में की गई। यह ऑपरेशन पुलिस कप्तान (स्थानिक/जांच) मुकेश कुमार, पीपीएस और डीएसपी आदमपुर राजीव कुमार, पीपीएस की निगरानी में थाना भोगपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार अरोड़ा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।

20 फरवरी 2026 को एसआई काबल सिंह की टीम गश्त पर थी, जब सद्धा चौक अड्डा के पास एक युवक ने पुलिस को देखकर काला पॉलिथीन बैग फेंककर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान गौरव गिल उर्फ गुरी निवासी गांव भटनूरा काला, जिला कपूरथला के रूप में हुई।


 

बैग की तलाशी में 190 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22/61/85 के तहत एफआईआर नंबर 26 दिनांक 20.02.2026 थाना भोगपुर में दर्ज की गई।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से 19 और नशीली गोलियां, एक .32 बोर पिस्तौल तथा 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बाद में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। पूछताछ में सामने आए सप्लायर को नामजद कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

22 फरवरी 2026 को एएसआई तलविंदर सिंह की टीम को अड्डा भटनूरा लुबाणा के पास गश्त के दौरान रणजीत सिंह उर्फ पप्पू निवासी गांव भगवानपुर के बारे में सूचना मिली। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

व्यक्तिगत तलाशी में उसके कब्जे से एक देसी .32 बोर पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में एफआईआर नंबर 28 दिनांक 22.02.2026 थाना भोगपुर में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गांव में चल रहे विवाद के चलते हथियार उसे एक परिचित ने उपलब्ध करवाए थे। पुलिस ने उस व्यक्ति को भी नामजद कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

पुलिस दोनों मामलों में गहन जांच कर रही है। जांच का फोकस नशीले पदार्थों और हथियारों के स्रोत, संभावित तस्करी नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल पर है। अवैध संपत्ति की जांच और जब्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

 

 

You may also like

Leave a Comment