



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: जालंधर देहात के एसएसपी स.हरविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में ग्रामीण पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन्स (कासो) किए गए। ये ऑपरेशन विभिन्न सब-डिवीजनों के संबंधित उप-पुलिस अधीक्षकों (डीएसपीस) की निगरानी में किए गए। नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों संबंधी प्राप्त सूचनाओं के आधार पर विशेष चेकिंग की गई।



ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए लगभग 275 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया। चिन्हित क्षेत्रों, विशेष रूप से नशे के हॉटस्पॉट के रूप में जाने जाते स्थानों में व्यापक तलाशी एवं चेकिंग की गई। इस विशेष कासो ऑपरेशन के दौरान सुनसान एवं संवेदनशील स्थानों, जैसे खाली मकानों, एकांत क्षेत्रों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष तलाशी एवं निगरानी की गई। इसका उद्देश्य गैर-कानूनी गतिविधियों को रोकना तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और मजबूत करना है। ऑपरेशन के दौरान विभिन्न थानों में कुल 07 एफआईआर दर्ज की गईं तथा 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

CASO ऑपरेशन के दौरान बरामदगी:


* 21 बोतलें अवैध शराब
* 165 नशीली गोलियां
* 01 मोटरसाइकिल
इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य नशे के सेवन में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से उपचार उपलब्ध करवाना तथा समाज की मुख्यधारा में वापस लाना है। इसके साथ ही नशे की बिक्री अथवा तस्करी में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि ऐसे ऑपरेशन पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करते हैं तथा नशे के विरुद्ध साझा लड़ाई को और प्रभावी बनाते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं क्षेत्रों का दौरा कर मौजूदा ऑपरेशनों की बारीकी से निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा नशे के दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा लोगों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आने वाले दिनों में भी ऐसे नशा विरोधी ऑपरेशन लगातार जारी रखे जाएंगे।



