
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर : जालंधर के बस्ती शेख इलाके के पास नाखां वाले बाग़ में एक युवक का ऑटो में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार बस्ती शेख के नाखां वाले बाग़ में एक युवक का शव ऑटो में पड़ा मिला। राहगीर ने ऑटो में शव मिलने की सूचना ऑटो मालिक को दी, जिसके बाद ऑटो मालिक और परिवार मौके पर पहुंचा। परिजनों द्वारा अपने बेटे को ऐसी हालत में देखकर रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक बीती रात से ही लापता था और घर नहीं लोटा था। मृतक की पहचान 25 वर्षीय युवक निवासी न्यू दशमेश नगर के रूप में हुई है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
बेटे की मौत पर बोलते हुए मां ने कहा कि उनका बेटा बीते कल काम के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। वह घर का इकलौता चिराग था और शादीशुदा था। उसका एक छोटा बेटा भी है, जिसके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। मां ने बताया कि वह अपने पति की दवाई लेने सुबह अस्पताल गई हुई थी, तभी उन्हें फ़ोन आया कि नाखा वाले बाग के पास ऑटो में उनके बेटे का शव मिला है।

वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टेम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट सामने आने पर ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
