



दोआबा न्यूज़लाइन


चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की शुरुआत करते हुए भाजपा ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के लिए भी एक बड़ा सिख चेहरा चुन लिया है। बताया जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज यानि सोमवार को पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। इससे पहले पार्टी ने भाजपा पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों पर भरोसा दिखाया है।


इसके साथ ही आज राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मनप्रीत बादल शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता रहे प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं और अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के चचेरे भाई हैं। यानी BJP ने आज पंजाब की राजनीति के एक चर्चित राजनीतिक परिवार से आने वाले नेता को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
बता दें कि मनप्रीत सिंह बादल ने 1995 में अकाली दल से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया और 2007 से 2010 तक अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार में वित्त मंत्री रहे। इसके बाद 2010 में उन्होंने अकाली दल से अलग होकर पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब (PPP) बनाई। फिर 2016 में उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया। इसके बाद 2017 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें दोबारा वित्त मंत्री बनाया गया। जिसके बाद वह 2023 में कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे।





