
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य की महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए “मावां-धीआं सत्कार योजना” शुरू करने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत पंजाब की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की हर माँ, बहन और बेटी को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार बैसाखी के दिन से महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये जेब खर्च के रूप में देने की शुरुआत करने जा रही है। इस घोषणा के बाद पंजाब भर की महिलाओं में खुशी की लहर देखने को मिल रही है।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बजट पेश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की जनता से किए गए वादों को लगातार पूरा किया है। उन्होंने बताया कि अब महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे, जबकि एससी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति महीना दिए जाएंगे। यह योजना 18 साल से अधिक उम्र की सभी महिलाओं के लिए लागू होगी। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि “मावां-धीआं सत्कार योजना” पंजाब सरकार का महिलाओं के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लगातार जनहित में फैसले ले रही है। इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलेगा और वे और अधिक आत्मनिर्भर बनेंगी। उन्होंने कहा कि यह योजना पंजाब की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी और समाज में महिलाओं के सम्मान को और मजबूत करेगी।

