

दोआबा न्यूज़लाइन

सस्ते दामों पर खरीदकर बेचता था ईमेल ID


चंडीगढ़: चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बीते दिनों धमकी भेजने वाले मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था और अब व्यक्ति को पूछताछ के बाद तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई और उसके बाद पुलिस ने वापिस उसे तिहाड़ जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान सौरव बिस्वास निवासी पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के पल्ली बाजार, गोबिंद पल्ली के रूप में हुई है। कहा यह भी जा रहा है कि आरोपी सस्ते दामों पर ईमेल आईडी खरीदता था और बाद में उन्हें अधिक कीमत पर आगे बेच देता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल कर ईमेल खातों का कारोबार करता था।

बता दें कि गुजरात पुलिस ने पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और इसके बाद दिल्ली पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गई और बाद में चंडीगढ़ पुलिस ने भी उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। अब रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को फिर से तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। कहा यह भी जा रहा है कि पंजाब पुलिस भी आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ कर सकती है। क्योंकि पंजाब में भी कई सरकारी और निजी संस्थानों, स्कूलों को बम से उड़ाने की लगातार धमकियां मिल चुकी हैं, जिन मामलों की जांच चल रही है और एजेंसियां इन मामलों से जुड़े लिंक ढूंढ रही हैं।
पंजाब सचिवालय और राज्य के कई प्रसिद्ध मंदिरों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
चंडीगढ़ से अभी-अभी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि फिर से एक बाद वीरवार सुबह चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सचिवालय को मिली धमकी की सूचना के बाद से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। यह धमकी सचिवालय के कंट्रोल रूम को एक ई-मेल के जरिए प्राप्त हुई है, जिसमें सचिवालय में बम होने की बात कही गई है।
धमकी भरा E-Mail

धमकी भरी ईमेल में पंजाब सचिवालय के साथ-साथ राज्य के कुछ प्रसिद्ध मंदिरों को भी टारगेट करने की बात कही गई है। जिनमें अमृतसर का दुर्ग्याणा मंदिर, पठानकोट का मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के मैसरखाना मंदिर और पटियाला के काली माता मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों के नाम शामिल हैं।
वहीं सचिवालय में बम की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों तुरंत हरकत में आ गईं। सचिवालय परिसर और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के अलग-अलग हिस्सों की गहनता से जांच की। हालांकि प्रारंभिक जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। अब साइबर सेल की टीम ई-मेल की जांच कर रही है कि यह कहा से आई है और इसे भेजने के पीछे किसका हाथ है।

