

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर : पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी “मेरी रसोई योजना” के तहत आज जालंधर के वार्ड नंबर 58 में जरूरतमंद परिवारों को राशन किटों का वितरण किया गया। इस अवसर पर पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने 400 लाभार्थियों को राशन किटें सौंपते हुए सरकार की लोकहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।


इस दौरान मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “मेरी रसोई योजना” आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है। इस योजना के माध्यम से अनेक परिवारों को राहत मिल रही है और उनके घरेलू खर्चों का बोझ कम हो रहा है।
मंत्री भगत ने आगे यह भी कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में जरूरतमंद परिवारों के लिए घर का खर्च चलाना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे समय में पंजाब सरकार की यह पहल लोगों की रसोई का खर्च कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है और इसी सोच के साथ विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर लागू किया जा रहा है।


इस दौरान राशन किट प्राप्त करने वाले परिवारों ने पंजाब सरकार और मोहिंदर भगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभदायक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राशन सहायता मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिलती है और परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर वार्ड-58 के पार्षद डॉ मनीष करलुपिया, सुक्खा, बंसी प्रधान, गगन वसीन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी भी उपस्थित रहे। सभी ने पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

