



दोआबा न्यूज़लाइन


बिलासपुर: हिमाचल के बिलासपुर के शाहतलाई में पंजाब के श्रद्धालुओं की बस देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के श्रद्धालु हिमाचल के बिलासपुर जिले में स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे लेकिन रात करीब 10.30 बजे उनकी बस शाहतलाई के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं।



बताया जा रहा है कि शाहतलाई में देर रात बस पलटने के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। चीख पुकार सुन आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए भागे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना प्रशासन को दी। सूचना पाकर जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आईं हैं। स्थानीय प्रशासन ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में घायल कुछ लोगों का इलाज सिविल अस्पताल बड़सर में चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु को पीजीआई चंडीगढ़ और 2 को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कुछ को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। हादसे के समय बस में 35 से ज्यादा श्रद्धालु सवार थे। मृतकों की पहचान काव्या पुत्र कुलदीप कुमार निवासी अमृतसर और रितेश पुत्र अजय कुमार निवासी अमृतसर की मौके पर मौत हो गई।


वहीं घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अभी एक्सीडेंट की वजह का पता नहीं चल पाया है। जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि स्थानीय प्रशासन ने सभी घायलों को 1500 रुपए से 10 हजार तक तथा मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की फौरी सहायता देने का ऐलान किया है।



