

दोआबा न्यूज़लाइन

पंजाब : पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी हाईकमान बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष को बदलने पर चर्चा चल रही है। अब हो सकता है कि पार्टी पंजाब के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा कर सकती है। आज भी दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर डेढ़ घंटे अहम मीटिंग हुई। मीटिंग में पंजाब प्रभारी पूर्व CM भूपेश बघेल भी शामिल हुए।


बताया जा रहा है कि कांग्रेस अब संगठन को लेकर जल्द ही कोई बड़ा बदलाव कर सकती है। हालांकि मीटिंग के बाद भूपेश बघेल ने यह साफ़ कह दिया है कि फिलहाल संगठन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में अगला चुनाव राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। बघेल ने यह भी कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा है और कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला को पंजाब कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार समिति का चेयरमैन बनाए जाने की संभावना है। वहीं वरिष्ठ नेता परगट सिंह को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले पंजाब के कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर हाईकमान ने कहा था कि आखिरी फैसला हाईकमान द्वारा ही मीटिंग कर लिया जाएगा। वहीं पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान के पद के लिए चरणजीत सिंह चन्नी, परगट सिंह, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राणा गुरजीत सिंह, विजय इंदर सिंगला, अमर सिंह के नाम भी चर्चा में है।
बता दें कि बीते दिनों भाजपा ने भी पंजाब में नए प्रधान का ऐलान किया गया है जिसके बाद अब कांग्रेस में भी बदलाव की चर्चा हो रही है।

