



दोआबा न्यूज़लाइन


चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर -26 स्थित महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान में गुरूवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर महात्मा गांधी लोक प्रशासन संस्थान में AC की सर्विस के दौरान उसका कम्प्रेसर अचानक फट गया और उसमें आग लग गई। हादसे में सर्विस करने आए 3 लोग झुलस गए हैं। कम्प्रेसर फटने से एक जोरदार धमाका हुआ जिसकी आवाज से संस्थान में अचानक अफरा- तफरी मच गई। घटना के बाद संस्थान के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।


वहीं घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को छत नीचे उतारा और तीनों घायलों को सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। जानकारी के अनुसार मोहाली की एक निजी कंपनी के 3 कर्मचारी संस्थान में एसी की मरम्मत करने आए। संस्थान के रिसेप्शन पर एंट्री करने के बाद तीनों कर्मचारी छत पर लगे एसी के कंप्रेसर की मरम्मत करने चले गए। रिपेयर का काम चल ही रहा था कि तभी अचानक AC का कम्प्रेसर फटने से जोरदार धमाका हुआ। हादसे में कंपनी का कर्मचारी गुरविंदर जो सबसे आगे काम कर रहा था उसके दोनों हाथ, चेहरा और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया। वहीं पीछे खड़े उसके दोनों साथी कर्मचारी भी घायल हो गए।
वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरिक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एसी का कंप्रेसर रिपेयर के दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही बरती गई है। पुलिस के मुताबिक हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।





