



दोआबा न्यूज़लाइन
शिमला: ‘द ग्रेट खली’ के नाम से विख्यात पहलवान एवं डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेमर दलीप सिंह राणा ने शिमला में स्थित लोक भवन में राज्यपाल कविंदर गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने दलीप सिंह राणा को सम्मानित करते हुए हिमाचल प्रदेश से अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के मंच तक उनकी उल्लेखनीय यात्रा की सराहना की।




आगे उन्होंने कहा कि दलीप राणा की उपलब्धियों ने हिमाचल प्रदेश और भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है तथा उनके संघर्ष और सफलता ने युवा पीढ़ी को दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया है। इस दौरान राज्यपाल और दलीप सिंह राणा ने हिमाचल प्रदेश में खेल, युवा सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
वहीं दलीप सिंह राणा ने पेशेवर कुश्ती के क्षेत्र में अपने अनुभवों और सफर को साझा करते हुए खेलों को बढ़ावा देने तथा युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों पर भी चर्चा की। राज्यपाल ने युवाओं को विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए अधिक अवसर, उचित मार्गदर्शन और उपयुक्त मंच उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने आगे यह भी कहा कि राज्य के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिभा को देखते हुए हिमाचल प्रदेश में खेलों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने राज्य के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। वहीं राज्यपाल ने दलीप सिंह राणा को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और खेल एवं युवा विकास के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दी।
.





