



दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल की पंजाबी शिक्षिका मैडम वीना हांडा को मातृभाषा पंजाबी के प्रचार-प्रसार तथा शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे उनके बहुमूल्य योगदान के लिए ‘पंजाबी रत्न पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया गया। अमृतसर स्थित अमीरा फार्म में ‘विश्व पंजाबी सभा कनाडा’ (भारत अध्यक्ष सरदार सतबीर सिंह) और ‘आर्ट गैलेक्सी (रजि.)’ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मैडम वीना हांडा को यह सम्मान प्रदान किया गया।




समारोह का मुख्य उद्देश्य पंजाब भर के उन अनुभवी पंजाबी शिक्षकों और शिक्षाविदों को सम्मानित करना था, जो लंबे समय से मातृभाषा पंजाबी के प्रचार-प्रसार तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी (अमृतसर/गुरदासपुर) राजेश कुमार शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम में पंजाब भर से पहुंचे लगभग 50 शिक्षकों और प्रिंसिपलों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बच्चों को पंजाबी व्याकरण, शब्दावली तथा नैतिक मूल्यों की शिक्षा खेल-खेल में देने के लिए शिक्षकों को विशेष ‘खेल पिटारी’ (खेल किट) भी भेंट की गई।
वहीं मैडम वीना हांडा की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर स्कूल प्रमुख सपना कुमार, स्कूल प्रबंधन तथा समस्त स्टाफ की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई दी गई। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान शिक्षकों को अपनी मातृभाषा और शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।





