

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: जालंधर में बीती रात एक कार देखते ही देखते बर्निंग कार बन गई। मिली जानकारी के अनुसार पठानकोट बाईपास फ्लाईओवर पर बीती रात एक चलती कार में पहले धुआं निकला और देखते ही देखते कार में भयानक आग लग गई। इस आगजनी में कपूरथला नंबर PB09U7045 स्विफ्ट डिजायर कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि राहत भरी बात यह रही कि कार सवार पति-पत्नी आग लगने से पहले ही कार से उतर गए थे। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।


वहीं कार में आग लगी देख वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। लोगों ने पानी डालकर और अपनी गाड़ियों के फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के चलते आग लगातार बढ़ती रही। जिसके बाद लोगों ने बिना समां गवाए तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को आग की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि कार सवार पति- पत्नी जालंधर के सेक्रेड हार्ट अस्पताल में भर्ती अपने एक बीमार रिश्तेदार का हालचाल जानने अस्पताल जा रहे थे, तभी पठानकोट बाईपास फ्लाईओवर उनके साथ यह हादसा हो गया। फिलहाल गाड़ी में आग लगने की वजह शार्ट-सर्किट बताई जा रही है। वहीं थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौके का जायजा लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




