

दोआबा न्यूज़लाइन

इससे हजारों लोगों का सफर आसान होगा-संत बलबीर सिंह सींचेवाल


जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज जालंधर पहुंचे। CM मान ने इस दौरान शाहकोट में सतलुज नदी के धुस्सी बांध पर बनने वाली 35 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का नींव पत्थर रखा। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल खास तोर पर मौजूद रहे। CM मान के दौरे के चलते सतलुज नदी के पूरे किनारे पर पुलिस तैनाक रही। मुख्यमंत्री ने कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क का शिलान्यास किया।
इस सड़क प्रोजेक्ट के तहत सतलुज नदी के धुस्सी बांध पर गिदड़पिंडी से फिल्लौर तक 35 किलोमीटर लंबी एक मजबूत और पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के बनने के बाद से पूरे क्षेत्र और आसपास के लोगों को आने- जाने में सुविधा होगी। जिससे स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी। राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल के लगातार प्रयासों और मान सरकार की इस पहल से बाढ़ प्रभावित इलाके के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। इस प्रोजेक्ट के बाद इलाकावासियों की वर्षों पुरानी मांग भी पूरी हो गई।


इस अवसर पर संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि इससे लोगों का सफर आसान होगा। सीचेवाल ने बताया कि 2023 में मंडाला छन्ना के पास अचानक धुस्सी बांध टूट गया था। बांध टूटने के कारण पूरे इलाके में बाढ़ आ गई थी, जिससे लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। तभी से बांध को मजबूत करने और उस पर पक्की सड़क बनाने की मांग लगातार उठ रही है। संत सीचेवाल ने आगे बताया कि गिदड़पिंडी से फिल्लौर तक बनने वाली यह पक्की सड़क क्षेत्र के दर्जनों गांवों को आपस में सीधे जोड़ेगी। इससे लोगों का सफर आसान होगा और बांध की मजबूती भी बढ़ेगी। इस इलाके की यह मांग पिछले कई सालों से लंबित थी, जिसे अब भगवंत मान सरकार ने पूरा कर दिया है।


