दोआबा न्यूजलाइन


नई दिल्ली: दिल्ली के राजनितिक गलियारों से एक दुखद खबर निकल कर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का 94 वर्ष की उम्र में आज मंगलवार को निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि बीजेपी नेता पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। AIIMS ने आज सुबह उनकी मौत की जानकारी दी। पार्टी की तरफ से जारी बयान के मुताबिक कल यानी 1 अक्टूबर को दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

निधन के बाद अब उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित उनके आवास पर रखा गया है। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित भाजपा के कई बड़े नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। वहीं पीएम मोदी ने ट्वीट कर सोशल मीडिया पर विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर दुःख जताया है।
PM मोदी Tweet
मोदी ने X पर कहा, ‘विजय कुमार मल्होत्रा एक महान नेता थे जिन्हें जन मुद्दों की गहरी समझ थी। उन्होंने दिल्ली में हमारी पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें संसदीय मामलों में उनके हस्तक्षेप के लिए भी याद किया जाता है। उनका निधन बहुत दुखद है।’
बता दें कि दिसंबर 1931 में लाहौर में जन्मे विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली से 5 बार सांसद और दो बार विधायक रह चुके थे। वे 1980 में दिल्ली के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने। उन्होंने 1999 के लोकसभा चुनावों में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार मनमोहन सिंह को हराया था। विजय कुमार मल्होत्रा 2004 के लोकसभा चुनावों में दिल्ली की संसदीय सीट जीतने वाले एकमात्र भाजपा उम्मीदवार थे, जबकि कांग्रेस ने बाकी छह सीटों पर जीत हासिल की थी।
वहीं 2008 के चुनाव में उन्हें पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में भी पेश किया गया था। हालांकि उस साल शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस ने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा था। वहीं इसके बाद मल्होत्रा दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने। मल्होत्रा को दिल्ली में भाजपा का अस्तित्व बचाए रखने का श्रेय भी दिया जाता है। लगभग 45 साल के राजनीतिक जीवन में वे अपने बेदाग छवि के लिए जाने जाते थे।