Home जालंधर क्या पंजाब अध्यक्ष परगट पार्टी गुटबाजी को खत्म कर बना पाएंगे सरकार?

क्या पंजाब अध्यक्ष परगट पार्टी गुटबाजी को खत्म कर बना पाएंगे सरकार?

by Doaba News Line

दोआबा न्यूज़लाईन

जालंधर : पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह ने अपना कार्यभार संभाल लिया है और स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल) में माथा टेककर अपनी गतिविधियों की शुरुआत की। लेकिन उनके सामने एक सबसे बड़ी चुनौती है, कागेस में गुटबाजी को खत्म करना। हालांकि राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह की नियुक्ति से चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू और अन्य गुटों के बीच संतुलन साधने की कोशिश जरूर हुई है, लेकिन गुटबाजी पूरी तरह खत्म करना उनके लिए आसान नहीं होगा।

गौरतलब है कि यह गुटबाजी का सिलसिला तब देखने को मिला जब अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष थे। जुलाई 2026 में हुए सांगठनिक फेरबदल के बाद चरणजीत सिंह चन्नी और राजा वड़िंग के बीच गुटबाजी खुलकर सामने आ गई, जिसके बाद राजा वड़िंग ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) को घेरने के लिए माइक्रो-प्लान पर भी काम कर रहे हैं।

परगट सिंह चन्नी सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और उनके नवजोत सिंह सिद्धू के साथ भी अच्छे राजनीतिक संबंध रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को साथ लाने पर परगट सिंह का बयान भी सामने आया है कि वे मेरे अच्छे दोस्त और अच्छे इंसान हैं। उनकी कई और भी जिम्मेदारियां हैं। इसलिए मुझे लगता है कि यह हमारे बीच का अंदरूनी मामला है। मैं उनका सम्मान करता हूं और वे मेरा सम्मान करते हैं। परगट सिंह ने खुद को भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और खिलाड़ी के रूप में पेश किया है। उनका कहना है कि वे टीम में ‘फुल-बैक’ की भूमिका निभाएंगे और सभी सीनियर नेताओं को साथ लेकर चलेंगे।

हालांकि, गुटों में बटी कांग्रेस को एक धागे में पिरोना उनके लिए सबसे कठिन परीक्षा होगी। उनके पास संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) व मुख्य विपक्षी बीजेपी को कड़ी टक्कर देने के लिए बहुत कम समय बचा है। अब देखना यह होगा कि परगट अपना कौनसा जादू चलाते है, और पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में कांग्रेस को जीत की ट्राफी दिलाते हैं।

 

 

You may also like

Leave a Comment