



राम मंदिर चढ़ावा विवाद, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा प्रमुख ने साधा सरकार पर निशाना


दोआबा न्यूजलाइन (ब्यूरो ) : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को आयोजित ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को घेरते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, युवाओं का भविष्य लगातार संकट में है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।


अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद का उल्लेख करते हुए कहा, “जो चढ़ावा चोरी कर सकते हैं, वे हमारा वोट क्यों नहीं चुरा सकते? सांसद क्यों नहीं चुरा सकते? इसलिए जनता को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नजर ‘नेशन’ पर नहीं बल्कि ‘डोनेशन’ पर है और भ्रष्टाचार के तार सीधे सत्ता के शीर्ष तक जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। यदि व्यवस्था मजबूत होती तो प्रदेश में लगातार बड़ी घटनाएं सामने नहीं आतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है और लोकतंत्र तथा संविधान को बचाने के लिए सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी हो गया है।


शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना दिया है। उन्होंने नई शिक्षा नीति को खामियों से भरी बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इसे बदलकर नई शिक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। उन्होंने वादा किया कि कक्षा 1 से 12वीं तक सभी विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी, जबकि केजी से पीजी तक बालिकाओं की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त होगी। साथ ही समान शिक्षा प्रणाली, एक समान पाठ्यक्रम और किताबें लागू करने तथा निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि बजट की कमी के कारण प्राथमिक विद्यालय बंद हो रहे हैं, जबकि सरकार केवल बजट खर्च करने का दावा कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे और निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी हुई है तो सीसीटीवी बंद कर भगवान श्रीराम के चरणों में वह धन वापस रख दिया जाए, भगवान आज भी क्षमा कर देंगे। उन्होंने दावा किया कि सनातन समाज का भाजपा से भरोसा उठ चुका है और भविष्य में पार्टी को न दान मिलेगा, न चंदा और न ही वोट। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का नाम बदलकर ‘भाचापा’ होना चाहिए।
वन नेशन-वन इलेक्शन के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ऐसा रास्ता अपनाना चाहती है जिससे चुनाव ही न कराना पड़े। उन्होंने परिसीमन (डिलिमिटेशन) का जिक्र करते हुए कहा कि जनता अब सरकार की मंशा समझ चुकी है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा को हराने की रणनीति जनता समझ चुकी है, हालांकि समाजवादी पार्टी अपनी रणनीति सार्वजनिक नहीं करेगी।
पत्रकारों के हितों का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर पत्रकारों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था की जाएगी तथा उन्हें सम्मान और सुरक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कई समाचार चैनलों की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों नेताओं ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस ले लिए, जिससे जनता को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र के लखनपुर गांव में हर हाल में पेयजल की व्यवस्था कराई जाएगी।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की “भ्रष्टाचार की टंकी” लगातार बड़ी होती जा रही है, जिसके कारण लखनऊ और दिल्ली के इंजन आपस में टकरा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के अधिकांश लोग भाजपा सरकार से दुखी और नाराज हैं तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव का मन बना चुके हैं।




