



दोआबा न्यूज़लाइन


कहा- अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी बिना किसी आर्थिक बोझ के धार्मिक स्थलों के कर सकते हैं दर्शन


जालंधर: जालंधर के बाबू जगजीवन राम चौक से बुधवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत दो लक्जरी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। इन दोनों बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। पहली बस खाटू श्याम जी एवं सालासर बालाजी के दर्शन करवाएगी, जबकि दूसरी बस ऋषिकेश एवं हरिद्वार की यात्रा पर जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने तथा खाने-पीने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का पूरा खर्च पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना पहले से ही पंजाब में चल रही है, पहले यात्रियों को सिर्फ पंजाब के ही तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाईं जा रही थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशानिर्देश अनुसार इस योजना में विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाना है। सरकार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए यात्रा से लेकर ठहरने और भोजन तक की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी बिना किसी आर्थिक बोझ के धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकें।


आगे उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश के लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय सफर की कामना की। श्रद्धालुओं ने पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के संगठन इंचार्ज हरचरण सिंह संधू, मिडिया प्रभारी संजीव भगत, रमेश राणा, गुरनाम सिंह,मंगल सिंह एवं अन्य इलाका निवासी उपस्थित थे।



