



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: पंजाब के जालंधर में दिन- प्रतिदन चोरों और लुटेरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार जालंधर के जेपी नगर में बीती देर रात चोरों ने एक कोठी के बाहर खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़ा और लॉक तोड़कर गाड़ी चुराने की कोशिश की। ये सब उनके पड़ोसियों ने अचानक देखा कार मालिक को सूचित किया, जिसके बाद वह तुरंत घर से बाहर आये और यह देखकर चोर गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकले। घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। ये सारी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है।



सीसीटीवी कैमरों में साफ़ देखा जा रहा है कि i20 कार सवार 3 नकाबपोश चोर उनके घर के बाहर अपनी गाड़ी लगाते हैं और उनकी गाड़ी का पीछे वाली खिड़की का शीशा तोड़ते हैं और आगे वाली खिड़की खोलकर गाड़ी को स्टार्ट करने की कोशिश करते हैं लेकिन तभी रात को उनके पड़ोसी अपने घर से यह सब देख लेते हैं और तुरंत कार चालक को फ़ोन कर सूचित करते हैं । जब कार चालक अपने घर से बाहर आते हैं तो यह देखकर चोर मौका पाकर भाग जाते हैं।

घटना के संबंध में पीड़ित कार चालक का कहना है कि उन्होंने रोजाना की तरह अपने घर के बाहर गाड़ी खड़ी की हुई थी। उन्हें उनके पड़ोसियों का रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच फ़ोन आया, उन्होंने कहा कि वह वाशरूम जाने के लिए उठे तो उन्होंने अपने घर से देखा कि कोई अनजान व्यक्ति उनकी गाड़ी से छेड़छाड़ कर रहे हैं। यह सब देखकर उन्होंने तुरंत उन्हें फ़ोन कर सूचित किया। यह सुनकर तुरंत वह घर से बाहर निकले लेकिन उससे पहले मौका पाकर चोर गाड़ी छोड़ भाग निकले। पीड़ित कार चालक का कहना है कि अगर पड़ोसी न बताते तो उनकी गाड़ी चोरी हो सकती थी। उनका कहना है कि लोगों की गाड़ियां अपने घरों के बाहर भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि चोरों और बदमाशों को पुलिस का कोई डर नहीं है। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।



वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।



