



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के अमेरिका स्थित प्रमुख आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें दावा किया गया कि जालंधर ग्रामीण के थाना सदर नकोदर के गांव कोटला हेरां स्थित सरकारी हाई स्कूल में देश विरोधी नारे लिखे गए हैं और स्कूल कोटला हेरां में दीवार और प्रिंसिपल के दफ्तर के बाहर खालिस्तानी झंडा फहराया गया है।


उक्त सूचना प्राप्त होते ही उप-मंडल नकोदर के डीएसपी ओंकार सिंह बराड़, थाना सदर नकोदर के प्रभारी तथा पुलिस टीमों द्वारा तत्काल स्कूल का दौरा कर पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में कहीं भी ऐसा कोई झंडा नहीं पाया गया। मौके पर की गई पुलिस जांच के दौरान वीडियो में किया गया दावा निराधार एवं तथ्यों से परे पाया गया। मामले की सत्यता स्थापित करने तथा भ्रामक सूचना फैलाकर शरारत करने वाले व्यक्तियों की पहचान करने के लिए कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
इस संबंध में एफआईआर दर्ज की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच कानून के अनुसार की जाएगी। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





