दोआबा न्यूज़लाइन
नेपाल: नेपाल में आज सुबह एक बड़ा ही भयावह कर देने वाला विमान हादसा सामने आया है। जानकारी के मुताबिक नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में एक हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान 2 हेलीकाप्टर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 1 भारतीय नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है। ये हादसा मंगलवार सुबह 8:11 बजे सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर हुआ बताया जा रहा है।
हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय वसंत कुमार बलारा मदु और घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है। दोनों भारतीय मूल के रहने वाले हैं और दोनों हादसे के वक़्त एक ही हेलीकाप्टर में सवार थे। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकराए थे।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घायल शैलेश को प्रभु हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। इसके साथ ही मृतक पर्यटक का शव लुकला के अस्पताल ले जाया गया। दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलटों के घायल होने की बात भी कही जा रही है।
इस हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए सोलुखुम्बु के डीएसपी नबीनराज बुधाथोकी ने कहा कि दुर्घटना उस समय हुई जब दोनों हेलीकॉप्टर खुम्बू पासांग ल्हामू फेरिचे हेलीपैड पर उतर रहे थे। टक्कर में 1 यात्री की मोत और एक अन्य घायल हुआ है। फिलहाल हादसे की जाँच शुरू कर दी गई है।