



दोआबा न्यूज़लाइन


फिरोजपुर: फिरोजपुर के मंडल रेलवे चिकित्सालय ने मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अब अत्याधुनिक डबल स्पिन ट्राई-सेल पीआरपी (प्लेटलेट रिच प्लाज्मा) थेरेपी की शुरुआत की गई है। फिरोजपुर का मंडल रेलवे चिकित्सालय इस उन्नत तकनीक को अपनाने वाला सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अग्रणी है। इससे पहले, मंडल रेलवे चिकित्सालय में पीआरपी थेरेपी के लिए डबल चैंबर तकनीक का प्रयोग किया जाता था, जिसमें प्लेटलेट्स की सांद्रता सामान्य स्तर से लगभग दो गुना तक प्राप्त होती थी।



इस तकनीक के माध्यम से अब तक लगभग 50 मरीजों का उपचार किया जा चुका है। नई ट्रिपल चैंबर तकनीक से प्लेटलेट्स की सांद्रता लगभग 6 से 7 गुना तक प्राप्त होती है। साथ ही, विभिन्न ग्रोथ फैक्टर्स की सांद्रता भी 14 गुना तक प्राप्त की जा सकती है। प्लेटलेट्स एवं ग्रोथ फैक्टर्स की यह बढ़ी हुई सांद्रता और बेहतर शुद्धिकरण मरीजों को अधिक प्रभावी एवं शीघ्र परिणाम प्रदान करने में सहायक होगा।
इस बारे में बताते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल ने बताया कि उपलब्ध चिकित्सा साहित्य के अनुसार इस उन्नत तकनीक से पूर्व में प्रयुक्त तकनीक की तुलना में मरीजों की स्थिति में लगभग 2 से 3 गुना तेजी से सुधार होगा। इससे मरीजों को बेहतर आराम मिलने के साथ-साथ उपचार का प्रभाव भी अधिक समय तक बना रहेगा।


फिरोजपुर मंडल द्वारा आधुनिक चिकित्सा तकनीकों को अपनाते हुए रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



