दोआबा न्यूज़लाइन
पंजाब: पंजाब सरकार के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। पंजाब सरकार द्वारा जारी नए आदेश के मुताबिक अब राज्य के सरकारी कर्मचारियों को सेलरी मिलने में देरी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने अपने सरकारी कर्मचारियों की सेलरी हर महीने समय पर देने के लिए अहम कदम उठाया है।
फाइनांस विभाग के मुताबिक अब विभागों की लापरवाही के कारण कर्मचारियों की सेलरी आने में देर नहीं होगी। प्रदेश सरकार ने पंजाब के सरकारी कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि अब उन्हें हर महीने समय पर सेलरी मिलेगी, क्योंकि राज्य सरकार ने इस संबंध में अब डीडीओ (DDOs) को सख्त आदेश दे दिए हैं।
बताया जा रहा है कि विभाग को कुछ समय से कर्मचारियों की शिकायतें मिल रही थीं कि फाइनांस विभाग के पास फंड होने के बावजूद विभिन्न विभागों के डीडीओ (DDOs) सेलरी बिल खजाना कार्यालयों में देरी से भेजते हैं। यह भी शिकायत थी कि अक्सर बिल महीने की 20 से 25 तारीख तक पेंडिंग रखे जाते हैं, जिसके कारण कर्मचारियों को सेलरी देरी से आने के कारण परेशानी होती है और सरकार की छवि भी खराब होती है।
लेकिन अब पंजाब सरकार ने विभागों को आदेश देते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि हर महीने की 7 तारीख तक सेलरी बिल जमा नहीं किए गए तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



