Home पंजाब पंजाब का देश की एकता व अखंडता में महत्वपूर्ण योगदान: मुख्यमंत्री मान

पंजाब का देश की एकता व अखंडता में महत्वपूर्ण योगदान: मुख्यमंत्री मान

by Doaba News Line

पंजाब / जालंधर :स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेशवासियों तथा देश-विदेश में बसे सभी पंजाबियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और देशभक्तों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आजादी की लड़ाई में पंजाबियों का योगदान बेमिसाल रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, लाला लाजपत राय, शहीद ऊधम सिंह और करतार सिंह सराभा जैसे महान सपूतों ने देश के लिए अपने जीवन की कुर्बानी दी। इसके साथ ही कूका, गदर, बब्बर अकाली, गुरुद्वारा सुधार और जैतो मोर्चे जैसे अनेक ऐतिहासिक आंदोलनों में पंजाब की अग्रणी भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि आजादी के बाद भी पंजाब ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा में अहम भूमिका निभाई है। 1965 और 1971 के युद्धों, कारगिल संघर्ष तथा आतंकवाद विरोधी अभियानों में पंजाब के वीर सैनिकों के साहस को देश हमेशा याद रखेगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने वाले पंजाब के मेहनती किसानों के महत्वपूर्ण योगदान को भी नमन किया।

मान ने कहा, “मेरे लिए स्वतंत्रता दिवस केवल जश्न का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने और पंजाब के विकास के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने का भी दिन है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्च 2022 में सत्ता संभालने के बाद से उनकी सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उनका मुख्य संकल्प पंजाब की पुरानी शान बहाल करना और शहीदों के सपनों का राज्य बनाना है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने स्वीकार किया कि शहीद भगत सिंह और बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के सपनों का समाज अभी पूरी तरह साकार नहीं हुआ है। उन्होंने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार, गरीबी, बेरोजगारी और अशिक्षा जैसी बड़ी चुनौतियों से मजबूती से निपटते हुए पंजाब को एक खुशहाल, मजबूत और विकसित राज्य बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

 

 

You may also like

Leave a Comment