

दोआबा न्यूज़लाइन

पार्टी हाईकमान ने सभी नेताओं को एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने की दी नसीहत


चंडीगढ़: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठनात्मक बदलावों और राज्य में कांग्रेस पार्टी की रणनीति को लेकर दिल्ली में हाईकमान ने बीते शुक्रवार पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक की। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पंजाब कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल हुए।
इस बैठक में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह, राजा वड़िंग, पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य मुद्दा पंजाब में पार्टी की खोई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करना और ‘आप’ तथा भाजपा के खिलाफ मजबूत योजना तैयार बनाना रहा।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक के दौरान पार्टी के अंदरूनी मतभेदों और हाल के दिनों में सामने आये बयानों से पैदा हुए विवादों पर भी बात हुई। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रदेश नेतृत्व पर बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि जो प्रदेश अध्यक्ष अपने विधानसभा क्षेत्र में निकाय चुनाव में पार्टी को जीत नहीं दिला सका, उनसे 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की उम्मीद कैसे की जा सकती है। चन्नी के इस बयान के बाद बैठक का माहौल कुछ पल के लिए गरमा गया।

वहीं राजा वडिंग ने अपना पक्ष रखते हुए निकाय चुनाव में पार्टी की हार के लिए सरकारी मशीनरी और प्रशासनिक दबाव को जिम्मेदार ठहराया। इसी बीच पार्टी हाईकमान ने सभी नेताओं को आपसी बयानबाजी से बचने और एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने की सलाह दी।

