
दोआबा न्यूज़लाइन
मुख्यमंत्री मान ने मलेरकोटला में मेडिकल कॉलेज खोलने का किया ऐलान
मलेरकोटला : देशभर के साथ-साथ आज पंजाब में भी ईद-उल-फितर का पवित्र त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी मुस्लिम भाईचारे के लोगों को ईद की बधाई देने के लिए मलेरकोटका स्थित ईदगाह पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब भर के मुस्लिम भाईचारे को ईद की बधाई दी।

इस खास अवसर पर सीएम मान ने कहा कि ईदगाह में आकर सकून मिला। उन्होंने यह भी कहा कि ईद के इस खास मौके पर सभी लोग प्रेम से एक दूसरे के गले मिलकर भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईद से पूरे समाज को आपसी भाईचारे की प्रेरणा मिलती है।
वहीं ईद के इस पवन मौके पर सीएम ने मलेर कोटला में जल्द ही सरकार मेडिकल कॉलेज का नींव पत्थर रखने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मलेर कोटला में और भी कई विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस खास मौके पर मलेरकोटला के एमएलए मोहम्मद जमील उर रहमान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विधायक मोहम्मद जमील उर रहमान ने कहा कि ईद आपसी भाईचारे का त्योहार है। लोग गले मिलकर अपने शिकवे दूर करते हैं और मिलकर आगे बढ़ते हैं।

