



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: NEET पेपर लीक मामले में दिल्ली के जंतर- मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन का असर आज पंजाब के जालंधर में भी देखने को मिला। शहर के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने आज युवा नेता रवीश राज शर्मा 1 दिन की भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। इस भूख हड़ताल के जरिए उन्होंने जालंधर में ‘न्याय सत्याग्रह’ शुरू कर दिया है और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।


इस भूख हड़ताल के दौरान रवीश राज शर्मा ने लोगों से अपील कि है कि वह इस मुद्दे पर आगे आएं और युवाओं का साथ दें। उन्होंने साफ किया कि यह ‘न्याय सत्याग्रह’ किसी राजनीतिक पार्टी के बैनर तले नहीं चलाया जा रहा है। यह पूरी तरह से एक सामाजिक पहल है, जिसका मकसद देश के स्टूडेंट्स और युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को मजबूती से उठाना है। उन्होंने आगे बताया कि यह आंदोलन पूरी तरह शांति पूर्ण है।
उन्होंने आगे बताया कि दिल्ली जंतर मंतर पर अपनी जायज मांगों को लेकर छात्र बेहद शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन फिर भी दिल्ली पुलिस ने बच्चों पर लाठियां बरसाईं। उन्होंने याद दिलाया कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को अपनी बात शांति से रखने का पूरा संवैधानिक अधिकार है।


वहीं उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार और प्रशासन छात्रों की जायज मांगों को सुनने और बातचीत से हल निकालने के बजाय लाठियों और बल प्रयोग का सहारा लेंगे, तो देश के युवाओं का हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली से भरोसा उठ जाएगा, जो देश के लिए सही नहीं है।



