



दोआबा न्यूज़लाइन


अभियान के दौरान लगाए 200 पौधे


जालंधर: शहर के मानव सहयोग स्कूल के ईको क्लब द्वारा 30 जुलाई 2026 को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गांव खुण-खुण और फतेहपुर में जागरूकता रैली एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजीस), विशेष रूप से लक्ष्य–13 (जलवायु कार्रवाई), लक्ष्य–15 (स्थलीय जीवन का संरक्षण) तथा लक्ष्य–17 (साझेदारी के माध्यम से सतत विकास) के अनुरूप आयोजित किया गया।

विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पोस्टर एवं बैनर लेकर रैली निकाली तथा “वृक्ष लगाओ–धरती बचाओ”, “हर घर एक वृक्ष” और “हरा-भरा पर्यावरण, हमारी सामूहिक जिम्मेदारी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने का संदेश दिया। अभियान के दौरान दोनों गांवों में 200 पौधों का रोपण भी किया गया।


गांव खुण-खुण की सरपंच गुरजीत कौर गोल्डी एवं गांव फतेहपुर की सरपंच राजविंदर कौर ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की प्राचार्या सपना कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक वृक्ष लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानव सहयोग स्कूल विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास की भावना विकसित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।



