Home जालंधर जालंधर में झपटमारों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

जालंधर में झपटमारों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

by Doaba News Line

जालंधर : पुलिस कमिश्नर जालंधर श्री सतिंदर सिंह, आईपीएस के निर्देशों तथा डीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों, पीपीएस, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन श्री जयंत पुरी, आईपीएस, एडीसीपी-1 श्रीमती अकरशी जैन, आईपीएस और एसीपी नॉर्थ जालंधर श्री अशोक मीणा, आईपीएस की निगरानी में सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार तथा थाना डिवीजन नंबर-1 के एसएचओ राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को बाबा बालक नाथ मोड़, भगत सिंह कॉलोनी, जालंधर के पास मोटरसाइकिल सवार चार युवकों ने कथित तौर पर एक व्यक्ति को धारदार हथियार दिखाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया था।

शिकायतकर्ता प्रिंस कुमार, निवासी न्यू आनंद नगर, जालंधर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी ग्रे रंग की वैगनआर कार का टायर बदलवाने के लिए बाईपास, भगत सिंह कॉलोनी स्थित पेट्रोल पंप के पास खान की दुकान के नजदीक कार खड़ी कर घर की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान बाबा बालक नाथ मोड़ के पास स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उसे रोक लिया। युवकों ने धारदार हथियार (दातर) दिखाकर उसका आसमानी रंग का ओप्पो मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-1 में एफआईआर नंबर 261, दिनांक 14 अगस्त 2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान 15 अगस्त 2026 को एएसआई कुलविंदर सिंह ने एएसआई गुरजीत सिंह और अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ कार्रवाई करते हुए कालिया कॉलोनी नहर पुली रोड के पास तीन आरोपियों सुहैल खान, अभिषेक उर्फ गंजा और रिशव यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर PB 08 FU 2053 पर फरार होने का प्रयास कर रहे थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुहैल खान पुत्र मंजर खान, निवासी गांव भगतपुर, थाना शेरशाह, बिहार; वर्तमान में लम्बा पिंड, जालंधर में रह रहा है। अभिषेक उर्फ गंजा पुत्र मंगत राम, निवासी गांव संगल सोहल कॉलोनी, जालंधर , रिशव यादव पुत्र पवन यादव, निवासी वीरयाना, जगदंबा स्टोर के पास, जालंधर और एक नाबालिग।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता का आसमानी रंग का ओप्पो मोबाइल फोन तथा एक अन्य नीले रंग का AT&T मोबाइल फोन बरामद किया। मोटरसाइकिल की तलाशी के दौरान पारदर्शी पॉलीथिन में छिपाकर रखी गई 30 नशीली गोलियां भी बरामद हुईं। इस बरामदगी के संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-61-85 के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई है।

आरोपियों का एक नाबालिग साथी भी भागने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। उसके पास से एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर PB 08 CU 9817 बरामद हुई। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। मामले की आगे की जांच जारी है।

 

 

You may also like

Leave a Comment