
दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर : जालंधर के लतीफपुर में नगर निगम की टीम और जिला प्रशासन द्वारा आज तड़के सुबह बड़ी कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन ने लतीफपुर में अवैध कब्जा कर बैठे लोगों को जबरन हटाया और वहां मौजूद मलबे को निगम के टिपरों के जरिये वहां से हटाया गया। इसी कड़ी में अब निगम की आज हुई कार्रवाई से नाराज कब्जाधारी लोग जालंधर के बूटा मंडी में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए हैं। इस दौरान लोगों द्वारा पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
बताया जा रहा है कि कब्जाधारी दोपहर 12 बजे रोष प्रदर्शन करने के लिए बूटा मंडी स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। जहां धूप तेज होने के चलते एक प्रदर्शनकारी महिला को चक्कर आ गया जहां दूसरी महिलाओं ने उसे संभाला और वहीं लेटा दिया। गनीमत रही कि समय रहते महिलाओं ने उसे संभाल लिया वरना महिला नीचे भी गिर सकती थी।

जानकारी के अनुसार लतीफपुरा की ज़मीन का कब्जा लेने के मामले में मंगलवार को हाईकोर्ट में तारीख है। जिससे पहले इंप्रूवमेंट ट्रस्ट को जमीन पर कब्जे की स्थिति का जवाब हाईकोर्ट को देना है। इससे पहले ही प्रशासन ने पुलिस के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए लतीफपुर में अवैध कब्जे वाली जगह पर टेंट हटाकर मलबा उठाना शुरू कर दिया।

Jalandhar: लतीफपुरा में 3 साल बाद फिर नगर निगम का बड़ा एक्शन, अवैध कब्जों पर चली JCB
जालंधर के लतीफपुरा में मंगलवार सुबह नगर निगम और पुलिस की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। मिली जानकारी के अनुसार 2022 के बाद आज फिर लतीफपुरा इलाके में नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें अवैध कब्जे को हटाने के लिए पहुंच गई, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।
जानकारी के अनुसार आज सुबह 1 घंटा तक चली इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने कब्जा कर बैठे लोगों को वहां से उठा दिया और उनके टेंट जब्त कर लिए गए। वहीं आज सुबह लतीफपुर में भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि स्थिति तनाव पूर्ण न बन जाए।
बता दें कि लतीफपुर में बसे करीब 100 परिवारों के घरों को 2022 में प्रशासन ने खाली करवा लिया था। लेकिन कुछ परिवार अपनी ज़मीन पर टेंट लगाकर कब्ज़ा कर तबसे अबतक बैठे हुए थे। 2022 में लोगों ने बड़े स्तर पर पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया था। दरअसल 29 जुलाई 2025 को हाईकोर्ट ने जालंधर के डी.सी. को एक माह के भीतर लतीफपुरा की सड़कों से सभी अवैध क़ब्ज़े हटाकर यातायात बहाल करने के आदेश दिए थे। जिसके चलते अब यह कार्रवाई की गई है।
