
दोआबा न्यूज़लाइन
अमृतसर : पंजाब के जालंधर में बीती रात बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर एक्टिवा में ब्लास्ट के बाद देर रात अमृतसर से भी ब्लास्ट की खबर सामने आई। मिली जानकारी के अनुसार अमृतसर खासा इलाके में स्थित आर्मी कैंप के बाहर मंगलवार देर रात जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। धमाके के बाद अचानक इलाके में हड़कंप मच गया। घटना देर रात 11 बजे के करीब की बताई जा रही है।

वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस और आर्मी की टीमें तुरंत पहुंच गईं। पुलिस और आर्मी की टीमों ने घटनास्थल के आसपास पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड टीमें भी जांच के लिए पहुंची।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक रहत भरी बात यह है कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि आर्मी कैंप की बाहरी दीवार और उस पर लगी टीन की चादरों को काफी नुकसान पहुंचा है। मामले में अधिकारियों का कहना है कि इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और इस घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार अमृतसर देहाती के एसपी आदित्य वारियर ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई थी और सबूत इकट्ठा कर लिए गए हैं। वहीं पुलिस अधिकारी इस मामले में ज्यादा जानकारी शेयर करने से परहेज कर रहे हैं। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
