




दोआबा न्यूज़लाइन


अज्ञात वाहन के गलत कट के कारण अनयंत्रित होकर हादसे का शिकार हुआ कैंटर


जालंधर: जालंधर के अंतर्गत आते फिल्लौर में हाईवे पर मंगलवार तड़के सुबह एक चोकर (चूरे) से भरा कैंटर अज्ञात वाहन द्वारा गलत कट मारे जाने के कारण अनयंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं अज्ञात वाहन चालक मौका पाकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। यह घटना फिल्लौर में जीटी रोड पर स्थित वैष्णों ढाबे के पास मंगलवार तड़के सुबह हुई है। कैंटर चालक की पहचान जतिंदर कुमार पुत्र रोशन लाल, निवासी नसरा बंधना, चब्बेवाल (होशियारपुर) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और कैंटर ड्राइवर के अनुसार कैंटर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे गलत तरीके से कट मार दिया। अज्ञात वाहन से टकराने से बचाने के प्रयास में कैंटर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। जिसके बाद बेकाबू कैंटर सीधे सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। हादसे के तुरंत आरोपी वाहन चालक मौके से गाड़ी सहित फरार हो गया।


घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों ने इंसानियत दिखाते हुए घायल ड्राइवर को गाड़ी से बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद सूचना पाकर सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर बैरिकेडिंग करके सड़क पर फैले मलबे और क्षतिग्रस्त कैंटर को किनारे करवाया और यातायात बहाल कराया । जिसके बाद SSF की टीम ने पूरी घटना की जानकारी थाना फिल्लौर की पुलिस को सौंप दी। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर दी।



