
दोआबा न्यूज़लाइन

नई दिल्ली: न्यूयॉर्क से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया के विमान AI102 की तकनीकी खराबी के चलते सोमवार आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर एहतियात के तोर पर एमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। मिली जानकारी के अनुसार एयर एयर इंडिया की फ्लाइट AI102 ने जेएफके न्यूयॉर्क हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। बताया जा रहा है कि फ्लाइट के उड़न भरने के करीब 6 घंटे बाद जब विमान अटलांटिक महासागर के ऊपर था तब उसमें से अचानक तेज कंपन और डरावना शोर सुनाई देने लगा। जिसके कारण पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय समयानुसार करीब शाम 4:30 बजे आयरलैंड में एहतियाती लैंडिंग की।

वहीं एयर इंडिया के प्रवक्ता ने अपने एक बयान में कहा कि न्यूयॉर्क (जेएफके) से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट एआई102 ने 15 मार्च को तकनीकी खराबी की आशंका के चलते एहतियाती तौर पर आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट की ओर रुख किया। विमान स्थानीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे शैनन एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। एयरलाइन ने कहा कि उसे अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। एयरलाइन ने आश्वासन दिया है कि यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस सब में बड़ी बात यह है कि जिस विमान में यह खराबी आई वह एयर इंडिया का बिल्कुल नया और अत्याधुनिक A350 मॉडल विमान है। यह विमान अभी पिछले साल अप्रैल 2024 को ही एयर इंडिया के बेड़े में शामिल हुआ था। नई तकनीक वाले इस विमान में अचानक कंपन और शोर की समस्या ने विशेषज्ञों और एयरलाइन की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल विमान शैनन एयरपोर्ट पर खड़ा है और इंजीनियर उसकी बारीकी से जांच कर रहे हैं।

