



दोआबा न्यूज़लाइन


अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस ने एक अवैध हथियार और नशा तस्कर के एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। मिली जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान अमृतसर पुलिस ने 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 6 अत्याधुनिक पिस्तौल, 1 किलो हेरोइन, एक किलो अफीम और 10 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद की है। इस मामले में थाना छेहरटा और थाना कैंट, अमृतसर में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं।


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि विदेश में बैठा हैंडलर अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते अवैध हथियार और नशीले पदार्थ भारत भेजता था। जिनको उक्त आरोपी उसके कहने पर पंजाब में सक्रिय अपराधियों और तस्करों तक पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों से बरामद किए हथियार अत्याधुनिक श्रेणी के हैं, जिनका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता था। पुलिस के मुताबिकसमय रहते इस नेटवर्क का भंडाफोड़ होने से कई बड़ी वारदातों को रोका जा सका है।
बताया जा रहा है कि पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक का पता लगाया जा सके। इसके साथ यह भी जांच की जा रही है कि विदेश में बैठे हैंडलर से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और इस तस्करी गिरोह का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।


वहीं पंजाब पुलिस का कहना है कि सीमा पार से संचालित हथियार और नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य ऐसे गिरोहों को पूरी तरह नष्ट करना और पंजाब को सुरक्षित, नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाना है।



