Home जालंधर नूरमहल के गांव भंडाल बूटा में देर रात हड़कंप, बच्चों के पास घूम रही महिला पकड़ाई; 4 साथी कार समेत फरार

नूरमहल के गांव भंडाल बूटा में देर रात हड़कंप, बच्चों के पास घूम रही महिला पकड़ाई; 4 साथी कार समेत फरार

by Doaba News Line

जालंधर : नूरमहल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव भंडाल बूटा में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के लोगों ने एक संदिग्ध महिला को बच्चों के आसपास घूमते हुए पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि महिला अपने चार अन्य साथियों के साथ गांव में संदिग्ध हालात में पहुंची थी और उनका इरादा बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने का हो सकता था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे गांव के रामपुर रोड इलाके में कुछ बच्चे घरों के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान एक कार गांव के सुनसान हिस्से में आकर रुकी। गाड़ी में कुल पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर बाद एक महिला कार से नीचे उतरी और बच्चों के आसपास घूमने लगी। उसके हावभाव और गतिविधियां देखकर आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ।

ग्रामीणों ने जब महिला से पूछताछ करनी शुरू की तो वह घबरा गई और टूटी-फूटी हिंदी में जवाब देने लगी। इसी बीच कार में बैठे उसके चार साथी मौके का फायदा उठाकर वाहन समेत वहां से फरार हो गए। लोगों ने महिला को वहीं पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस तुरंत मौके पर नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस ने शुरुआती तौर पर चुनावी ड्यूटी में व्यस्त होने की बात कही थी। इसके बाद गांव के लोग खुद ही महिला को लेकर नूरमहल थाने पहुंचे और पुलिस के हवाले किया।

फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध महिला से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं फरार हुए चार अन्य लोगों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

घटना के बाद गांव में लोगों ने बच्चों को अकेला बाहर न भेजने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि देर रात बाहरी लोगों की संदिग्ध गतिविधियों ने इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है।

 

 

You may also like

Leave a Comment