







दोआबा न्यूज़लाइन



नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के कन्वीनर अरविन्द केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और पार्टी के अन्य नेताओं को दिल्ली हाईकोर्ट ने अवमानना केस में जवाब दाखिल करने का आखिरी मौका दिया है। इस आदेश के अनुसार कोर्ट ने सभी AAP नेताओं को 3 हफ्ते का समय दिया है। साथ ही यह भी साफ कहा है कि अगर तय समय में जवाब दाखिल नहीं किया गया तो उनका जवाब देने का अधिकार खत्म कर दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि आज यानि मंगलवार को सुनवाई के दौरान जस्टिस नवीन चावला की अगुवाई वाली दो जजों की बेंच ने नेताओं को कड़ी चेतावनी दी। कोर्ट ने कहा कि हम आगे आपको और समय नहीं देंगे। आप कोर्ट के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। अगर अब जवाब दाखिल नहीं किया तो आपका जवाब देने का अधिकार बंद कर देंगे।
बताते चलें कि उक्त मामला दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो साझा करने से जुड़ा है। आरोप है कि केजरीवाल और AAP के कुछ नेताओं ने जस्टिस शर्मा को लेकर सोशल मीडिया पर एक अभियान चलाया था। इसके बाद हाईकोर्ट ने खुद संज्ञान लेते हुए आपराधिक अवमानना का मामला शुरू किया था। इस मामले में केजरीवाल के अलावा मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक, संजय सिंह, विनय मिश्रा और देवेश विश्वकर्मा को जवाब देना है। यह पूरा मामला दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े केस की सुनवाई के दौरान शुरू हुआ था।


