




दोआबा न्यूज़लाइन


बटाला : पंजाब में भाजपा की नशा मुख्त यात्रा शुरू होने से पहले पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि आज शुक्रवार को बिट्टू अमृतसर से पठानकोट में भाजपा की नशामुक्त यात्रा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रवनीत बिट्टू के काफिले को बटाला (गुरदासपुर) में घेर लिया गया। इसके बाद उनके काफले की गाड़ियों पर अंडे-टमाटर फेंकर हमले किये गए और गाड़ियों के शीशे तोड़े गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंच गई।


इस घटना के संबंध में बताते हुए बिट्टू ने कहा कि बटाला (गुरदासपुर) के पास काफिले को घेरा गया। इसके बाद हमला कर गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। यहां तक कि उन पर टमाटर और अंडे भी फेंके गए। लेकिन राहत भरी बात यह है कि रवनीत बिट्टू बिलकुल सुरक्षित हैं। वहीं बिट्टू ने बताया कि उनका काफिला बटाला के घासीतपुर स्टेशन के पास पहुंचा तो हाईवे किनारे आम आदमी पार्टी के फतेहगढ़ चूड़ियां विधानसभा सीट के इंचार्ज जोबन रंधावा के कार्यालय के पास कुछ कार्यकर्ता मौजूद थे। काफिला वहां पहुंचते ही अंडे और टमाटर उनपर फेंके गए। उन्हें घेरने की कोशिश की गई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से गाड़ियां रोकनी पड़ीं।
उन्होंने आगे बताया कि स्थिति को देखते हुए उन्होंने हाईवे पर गाड़ी रुकवाई। इसके बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें पास के ही एक घर में ले गए। कुछ लोगों के हथियारबंद होने के कारण सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां घेरा डालकर सुरक्षित रखा। वहीं बाद में उनकी सुरक्षा टीम ने कथित तौर पर 2 लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बता दें कि रवनीत बिट्टू को Z+ सिक्योरिटी मिली हुई है। माहौल बिगड़ते देख उनके सुरक्षाकर्मी तुरंत उन्हें एक घर में ले गए। बिट्टू ने आरोप लगाया कि फतेहगढ़ चूड़ियां से AAP के हलका इंचार्ज जोबन रंधावा के समर्थकों ने लंगर की आड़ में उन पर हमला किया है।


वहीं घटना के बाद बिट्टू ने इसकी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के डीजीपी को दी । उन्होंने पूरे मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए लोगों और उनके खिलाफ कार्रवाई के बारे में अभी कुछ नहीं कहा गया है।



