



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: आम आदमी पार्टी के शासन में जालंधर शहर की सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चरमराती नजर आ रही हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदे पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। यह कहना है भाजपा जालंधर सेंट्रल के सीनियर नेता एवं मंडल- 5 के अध्यक्ष इंजी. चंदन रखेजा का।



इंजी. चंदन रखेजा ने कहा कि पिछले दिनों भाजपा ने नए कूड़ा डंप के विरोध में जालंधर के विभिन्न वार्डों में जोरदार प्रदर्शन कर नगर निगम और प्रशासन को जगाने का प्रयास किया था। इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आगे बताया कि लगातार क्षेत्रवासियों के फोन आ रहे हैं और कई इलाकों में गंदे पानी की वजह से लोग, विशेषकर बच्चे, बीमार हो रहे हैं। वहीं गौरतलब है कि स्व्यं सीनियर डिप्टी मेयर के वार्ड नंबर 10,11 के दकोहा एंव सैनिक विहार में सड़कों की खस्ताहालत के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है, जबकि गंदे पानी की शिकायतों के चलते स्थानीय लोग टाइफाइड और पीलिया जैसी बीमारियों की आशंका से परेशान हैं।

इसी के साथ रखेजा ने व्यक्ति का नाम गोपनीय रखने की शर्त पर एक मेडिकल रिपोर्ट भी सांझा करी है जिसमें सैनिक विहार से ही एक मरीज पिछले 10 दिन से शहर के निजी अस्पताल में पीलिया होने की वजह से उपचाराधीन है और एसे कई मरीज इस इलाके में लगातार भीषण बीमारी की चपेट में आने के खतरे से दूर नहीं हैं। वहीं ऐसा ही हाल वार्ड नं 8 में भी है जहां पिछले 4 महीने से गली तोड़कर रखी है और बनाने पर नहीं आ रही जिस कारण लोग परेशान हैं और वाटर सप्लाई की पाइप टूटने का भी डर है।


वहीं चंदन रखेजा ने सरकार और नगर निगम प्रशासन से कुंभकर्णी नींद से जागकर तुरंत कार्रवाई करने की अपील की और सलाह देते हुए कहा कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सफाई, सीवरेज, गंदे पानी और टूटी सड़कों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो हालात बेकाबू हो सकते हैं और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा आने वाले दिनों में और तेज एवं व्यापक रोष प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।



