



दोआबा न्यूज़लाइन


जालंधर: महानगर में आये दिन लूट, स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ ही जाती हैं। ताजा मामला जालंधर के गढ़ा इलाके से सामने आया है जहां सुबह 2 बाइक सवार स्नैचरों एक सड़क पर जा रही बुजुर्ग महिला के कान की बाली छीनी और फरार हो गए। घटना के बाद महिला घबराकर गिर गई और उसका कान खून से सना हुआ था। पीड़ित महिला की पहचान 56 वर्षीय सीता देवी निवासी गढ़ा के रूप में हुई है।


वहीं घटना के बाद महिला के शोर मचने के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए लेकिन तब तक स्नैचर भाग चुके थे। घटना के बाद आसपास के लोगों ने गंभीर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और वहां डॉक्टरों ने महिला के कान पर टांके लगाए गए। ये पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दोनों आरोपियों के चेहरे साफ़ दिखाई दे रहे हैं।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित महिला के बेटे दीपक ने बताया कि उनकी मां सीता देवी इलाके के एक पी.जी. में खाना बनाने का काम करती है। उनकी माँ सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह रोजाना की तरह पैदल काम पर जा रही थीं। लेकिन जब वह घर से कुछ दूरी पर पहुंची तो पीछे से आए 2 बाइक सवार युवकों ने उनके कान से सोने की बाली झपट ली और फरार हो गए। दीपक ने बताया कि झपटमारी के दौरान छीनाझपटी में उनकी माँ लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं। जिसके बाद उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके कान पर टांके लगाए।


वहीं घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। फिलहाल पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



