

दोआबा न्यूज़लाइन

भाजपा और SAD के खिलाफ जमकर की नारेबाजी


जालंधर: पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान की सोशल मीडिया पर वायरल फर्जी वीडियो का मामला गर्माता जा रहा है। इसी कड़ी में आज जालंधर सहित पंजाब के कई जिलों में CM मान की फर्जी वायरल वीडियो के विरोध में आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। आप पार्टी ने इस फर्जी वीडियो को भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल की सोची-समझी साजिश बताया। इसी के चलते आज AAP कार्यकर्ताओं ने जालंधर में बीजेपी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया।
आप कार्यकर्ताओं ने आज जालंधर के शीतला माता मंदिर के पास स्थित बीजेपी कार्यालय का घेराव किया और पंजाब विरोधी भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए भी लगाए। इस दौरान आप कार्यकर्त्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे और अकाली और भाजपा के खिलाफ जमकर नारे लगाए।


आप पार्टी का यह दावा है कि वायरल वीडियो सीएम मान की छवि को खिलाफ करने की कोशिश की गई है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का कहना है कि वायरल वीडियो AI और डीपफेक के जरिए बनाई गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब से पंजाब में AAP सरकार बनी है, तब से विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं। उनके अनुसार विपक्ष के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे मुख्यमंत्री मान के खिलाफ इस तरह के षड़यंत्र रच रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि उनका यह विरोध केवल भाजपा दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर में शिरोमणि अकाली दल के दफ्तरों का भी घेराव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कोई सीधा निर्देश नहीं दिया, लेकिन एक सच्चे कार्यकर्ता के रूप में यह उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वे CM मान के खिलाफ फैलाए जा रहे कथित झूठे प्रचार का डटकर विरोध करें।
वहीं AAP नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जांच में वायरल वीडियो पूरी तरह AI निर्मित या फेक साबित होती है जिसकी उन्हें पूरी उम्मीद है तो इस वीडियो को बनाने, इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और वायरल करने वाले हर एक व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


