

दोआबा न्यूज़लाइन

जालंधर: महानगर के व्यस्त बर्तन बाजार में बीती रात बिजली की तारों में अचानक चिंगारियां निकलने के बाद भयानक आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार शहर के मुख्य बाजार के अंदर पड़ते बर्तन बाजार में बीती रात बिजली की तारों में शार्ट- सर्किट के बाद आग लग गई। तारों में लगी आग और उठती तेज चिंगारियों ने आसपास के लोगों को चिंता में डाल दिया। तारों में लगी आग के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई।


वहीं बिजली की तारों में आग लगी देख इलाके के लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को सूचित किया। इस घटना के दौरान लगातार धमाके होते रहे, जिसके कारण लोगों का काफी नुकसान हुआ। लेकिन राहत भरी बात यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे में काफी आर्थिक नुकसान हुआ बताया जा रहा है।
वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा सूचना पाकर भी समय पर सप्लाई बंद नहीं की गई, जिससे खतरा और बढ़ गया था। हालांकि दमकल विभाग के कर्मचारी आग की सूचना पाकर मौके पर तो पहुँच गए, लेकिन तारों में सप्लाई बंद होने का उन्हें काफी समय इंतजार करना पड़ा। जिसके बाद जाकर कहीं उन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


वहीं जानकारी देते हुए इलाका निवासी राजिंदर सिंह ने बताया कि तारों में अचानक आग लग गई थी। जिसके बाद उन्होंने बिना समय गंवाए बिजली विभाग को पावर सप्लाई काटने के लिए फ़ोन किया था, लेकिन किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने समय पर सप्लाई बंद नहीं की। उनके अनुसार बिजली सप्लाई चालू रहने के कारण आग तेजी से फैलती गई और उनके सामने ही तारें जलकर राख हो गईं। इसके कारण उनका काफी आर्थिक नुकसान हो गया। पीड़ित राजिंदर ने सवाल उठाते हुए कहा कि उनके इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा?

