Home जालंधर ढिलवां-रामामंडी में अवैध कॉलोनी निर्माण का मामला गरमाया, भाजपा ने उठाई उच्च स्तरीय जांच की मांग

ढिलवां-रामामंडी में अवैध कॉलोनी निर्माण का मामला गरमाया, भाजपा ने उठाई उच्च स्तरीय जांच की मांग

by Doaba News Line

जालंधर: जालंधर सेंट्रल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र ढिलवां-रामामंडी में कथित अवैध एवं बिना अनुमति कॉलोनी निर्माण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जालंधर सेंट्रल के कार्यकारी अध्यक्ष इंजीनियर चंदन रखेजा के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरजीत वालिया (IAS) को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त कॉलोनी का निर्माण आम आदमी पार्टी के बड़े लीडरों तथा कुछ स्थानीय पार्षदों के संरक्षण में कराया जा रहा है। संबंधित भूमि गांव ढिलवां, हदबस्त नंबर 191 में स्थित है, जिसमें कई खसरा नंबर शामिल हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार कुल भूमि लगभग 4 कनाल 8 मरला है, जो राजस्व रिकॉर्ड में कृषि भूमि के रूप में दर्ज है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि कॉलोनी विकसित करने के लिए संबंधित विभागों से किसी प्रकार की स्वीकृति या एनओसी प्राप्त नहीं की गई, इसके बावजूद प्लॉटिंग और बिक्री का कार्य खुलेआम जारी है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष पाया जा रहा है।

इंजीनियर चंदन रखेजा ने कहा कि बिना अनुमति कॉलोनी बनाना कानून का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह निर्माण अवैध है तो नगर निगम द्वारा सीवरेज, पेयजल, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं कैसे उपलब्ध करवाई जाएंगी। भविष्य में किसी प्रकार की समस्या आने पर इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।

उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी गतिविधि का खुलेआम चलना विभागीय निगरानी पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने जालंधर के मेयर और संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की।

डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उचित जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा मामले को संबंधित विभागों को भेज दिया है।

भाजपा नेतृत्व ने मांग की है कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को तुरंत प्रभाव से रोका जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर इंजीनियर चंदन रखेजा, मानवाधिकार परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्षा एवं पूर्व भाजपा जिला महिला मोर्चा अध्यक्षा आरती राजपूत, मंडल 5 के महासचिव गुरमीत सिंह, नवीन प्रभाकर, पूर्व भाजपा नेता हनी तलवार, गगन बेदी, अश्वनी कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

 

You may also like

Leave a Comment