
दोआबा न्यूज़लाइन
कहा- अंधेरा केवल असुविधा नहीं, अपराध को भी बढ़ावा देता है
जालंधर(सतपाल शर्मा) : जालंधर के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर- 80 में विकास कार्यों की सूची में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आम आदमी पार्टी के पार्षद एवं अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन अश्वनी अग्रवाल ने दादा कॉलोनी के सब्जी चौक में हाई मास्ट लाइट लगवाई। इस पहल से पूरे क्षेत्र में रोशनी बढ़ गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है।


पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने बताया कि पहले रात के समय यहां अंधेरा रहने के कारण लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। साथ ही सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता बनी रहती थी। लेकिन अब हाई मास्ट लाइट लगने के बाद न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि वार्ड के हर कोने को रोशन करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। “अंधेरा सिर्फ असुविधा ही नहीं, बल्कि अपराध को भी बढ़ावा देता है। इसलिए हमारी कोशिश है कि हर गली और हर चौक में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध करवाई जाए,” उन्होंने कहा। यह कार्य क्षेत्रवासियों की मांग पर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है और आने वाले समय में अन्य स्थानों पर भी हाई मास्ट लाइटें लगाने की योजना है।
पार्षद ने आगे जानकारी दी कि वार्ड में समग्र विकास के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की गई है। इसके तहत सड़कों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करना और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रमुख रूप से शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य वार्ड नंबर- 80 को एक मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करना है, जहां नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध हों।
वहीं स्थानीय निवासियों ने इस पहल के लिए पार्षद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हाई मास्ट लाइट लगने से उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और अब क्षेत्र पहले से अधिक सुरक्षित व सुगम महसूस होता है।
