
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर-लुधियाना हाईवे पर एक दर्दनाक एक्सीडेंट हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार जालंधर-लुधियाना हाईवे पर मैकडोनाल्ड के पास एक एक्टिवा को तेज रफ़्तार ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्राले के नीचे आने से एक्टिवा सवार महिला की मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान छाया पत्नी संजय कुमार निवासी गांव समरावा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गांव समरावा का संजय कुमार अपनी पत्नी छाया और अपने 3 वर्षीय बेटे के साथ काम के लिए जालंधर शहर आए थे। हादसे के वक़्त परिवार अपना काम खत्म कर एक्टिवा पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। लेकिन जब परिवार हाईवे पर मैकडोनल्ड के पास से नकोदर रोड की तरफ मुड़ने लगा, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और ट्राला छाया कि दोनों टांगों के ऊपर से गुजर गए। हालांकि उसका पति और बच्चे का बचाव हो गया।

वहीं हादसे के बाद तुरंत लहूलुहान हालत में लोगों की मदद से छाया को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
वहीं घटना की सूचना पाकर तुरंत थाना परागपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी ट्राला चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए ट्राला ड्राइवर की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
