
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: कनाडा से एक बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा के विंडसर शहर में स्थित उनके घर में अज्ञात हत्यारों द्वारा बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। 45 वर्षीय नैन्सी ग्रेवाल अक्सर अपने बेबाक अंदाज से कई राजनीतिक व सामाजिक मुद्दों पर सोशल मीडिया पर वीडियो बना कर अपनी राय रखती थीं। नैन्सी ग्रेवाल जालंधर की रहने वाली थीं और पिछले कुछ समय से कनाडा में रह रही थीं।
कनाडाई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीते मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि विंडसर के टॉड लेन इलाके में रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल पर उनके घर में चाकू से अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसेक्स-विंडसर आपातकालीन पैरामेडिक्स रात करीब साढ़े 9 बजे टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में पहुंचे। जहां उन्होंने तुरंत घर में गंभीर घायल पड़ी महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं घटना के बाद पुलिस ने घर के आसपास के इलाके में घेराबंदी कर दी है और हत्या का मामला दर्ज कर हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक घटना के सम्बन्ध में कनाडा पुलिस के अधिकारी माइकल पियर्स ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक गंभीर आपराधिक मामला है और पुलिस हर पहलू से इस केस की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान के लिए लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि नैन्सी ग्रेवाल कनाडा में रहकर सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय थीं। वह एक यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में जानी जाती थीं।

