
दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: पंजाब के जालंधर से एक स्कूली छात्रा द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आ आया है। मिली जानकारी के अनुसार जालंधर के थाना मकसूदां के गांव नूरपुर के एक सरकारी स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा ने स्कूल में पंखे से फंदा लगा लिया है। जब इस घटना का स्कूल प्रशासन को पता चला तो तुरंत छात्रा को स्कूल स्टाफ द्वारा पठानकोट चौक के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान खुशप्रीत पुत्री जरनैल सिंह, निवासी गांव नूरपुर (जालंधर) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है मृतका के परिवार द्वारा स्कूल की एक टीचर को छात्रा पर चोरी का इल्जाम लगाने की बात कही जा रही है। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि उसकी हत्या हुई है। परिजनों का आरोप है कि सुबह उन्हें स्कूल की एक महिला अध्यापिका का फोन आया था, जिसमें बेटी खुशप्रीत ने कहा कि पापा मेरे ऊपर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है। इसके बाद परिवार ने स्कूल आने की बात कही। परिवार के अनुसार करीब 5 मिनट बाद उसी नंबर से दोबारा फोन आया कि जिस लड़की ने टीचर के पर्स से पैसे चुराए थे वह कोई और है और उसे पकड़ लिया गया है। जिसके बाद मृतका के पिता शिकायत लेकर जब स्कूल पहुंचे तो उनकी बेटी का शव क्लासरूम में पड़ा हुआ था। जिसे देख परिवार के पैरों तले जमीन निकल गई।

वहीं स्कूल स्टाफ का कहना है कि बच्चों के शोर मचाने पर जब कमरे की तरफ गए तो एक कमरा अंदर से बंद था। जब स्टाफ ने दरवाजा खोला तो अंदर छात्रा का शव पंखे से लटक रहा था।। जिसके बाद तुरंत स्कूल स्टाफ द्वारा छात्रा को अस्पताल ले जाया गया। वहीं एक महिला अध्यापक से इस घटना के बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने ने कहा कि मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक स्कूल स्टाफ और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

