दोआबा न्यूज़लाइन
जालंधर: जालंधर के गांव राओवाली के नजदीक यूनीक फिलिंग स्टेशन नामक पैट्रोल पम्प पर गलत ईंधन डालने को लेकर भारी बवाल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर पेट्रोल पंप पर थार सवार एक महिला की गाड़ी में पंप कर्मचारी द्वारा गलती से डीज़ल की जगह पेट्रोल डाल दिया गया, बाद में कर्मचारी ने महिला से गलती की माफ़ी मांगी। लेकिन इस बात को लेकर महिला ने काफी गाली गलौज किया, यही नहीं बल्कि बहसबाजी के बाद महिला व उसके साथियों ने पैट्रोल पम्प कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट भी की। पंप मालिक के अनुसार उन्होंने महिला को गाड़ी ठीक करवाने तक की भी बात कही लेकिन फिर भी महिला और उसके साथियों ने पंप पर भारी हंगामा और तोड़फोड़ की।

वहीं घटना की जानकारी देते हुए पैट्रोल पम्प के मालिक निरंजन कैंथ निवासी गांव राओवाली ने बताया कि मंगलवार करीब 3.30 बजे थार सवार महिला उनके पैट्रोल पम्प पर आई और थार में तेल डालने के लिए कहा। उनके अनुसार उनके कर्मचारी जतिन पुत्र राजेश कपूर निवासी संतोखपुरा ने गलती से डीजल की जगह पैट्रोल डाल दिया जिस कारण थार सवार महिला गुस्से में आ गई और अपने रिश्तेदारों को बुलाकर उक्त कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की। उनके अनुसार पूरी घटना पंप में लगे कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें साफ़ देखा जा रहा है कि कैसे महिला और उसके साथी कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं।
पंप मालिक ने यह भी बताया कि डीजल की जगह पैट्रोल डालने के बाद जब उनको पता चला तो उन्होंने महिला के सामने गलती मानी और कहा कि वे मकैनिक लेने जा रहे हैं और आपकी थार से पेट्रोल निकालकर उसे बिल्कुल ठीक करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद वे मकैनिक लेने चले गए। जिसके बाद पीछे से महिला ने अपने रिश्तेदार बुला लिए और उन्होंने मिलकर पैट्रोल पम्प कर्मचारी की लात घूसों से जमकर पिटाई कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद अन्य कर्मचारियों द्वारा घायल कर्मचारी को सिविल अस्पताल जालंधर में इलाज के लिए दाखिल करवाया गया। घायल कर्मचारी जतिन का आरोप है कि जाते-जाते महिला और उसके साथी उसका मोबाइल फोन और नकदी भी छीन कर ले गए।
वहीं सूचना पाकर थाना मकसूदां की पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पैट्रोल पम्प से सी.सी.टी.वी. फुटेज कब्जे में लेकर पीड़ितों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार उक्त थार सवार महिला एन.आर.आई. है तथा आस्ट्रेलिया से पंजाब आई है।